दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त और एसपी ने दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर, सीसीटीवी व सोशल मीडिया से होगी निगरानी

सरायकेला, 16 अक्टूबर : दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर के सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगियारी ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों, प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों पर नियमित निगरानी रखने तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और उनकी सुविधाओं का ख्याल रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहेगी विशेष नजर

पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वंगियारी ने पुलिस पदाधिकारियों को पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर काम करें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।

सीसीटीवी और सोशल मीडिया से होगी निगरानी

दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों तथा वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। ऐसी गतिविधियां सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने जिलेवासियों से की सहयोग की अपील

उपायुक्त ने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने का आग्रह किया। साथ ही, सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे।

ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article