कपाली के ताजनगर में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
चांडिल, 16 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताजनगर में गुरुवार देर रात 22 वर्षीय युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान मोहम्मद शादाब, पिता लाल मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शादाब और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार देर रात वह अपने घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।



