तीन देशी कट्टे और बड़े चाकू से लैस थे 7-8 नकाबपोश बदमाश – सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चांडिल, 10 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल मुख्य बाजार में हथियारबंद डकैतों ने एक व्यवसायी के घर धावा बोलकर दहशत फैला दी। शुक्रवार की देर रात करीब एक बजे से ढाई बजे के बीच सात से आठ नकाबपोश बदमाशों ने व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर में घुसकर हथियारों का भय दिखाकर लाखों रुपये के आभूषण तथा चार से पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डकैतों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले घर की रेकी की थी। शुक्रवार की रात करीब एक बजे बदमाशों ने व्यवसायी के घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने सभी को अपने कब्जे में ले लिया।
व्यवसायी के पुत्र उमंग चौधरी ने बताया कि बदमाशों ने उनके सिर पर देशी कट्टा सटाकर गोली मारने की धमकी दी। उस दौरान हाथापाई भी हुई । सभी डकैत नकाब पहने हुए थे और उनकी उम्र करीब 18 से 25 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही थी। उमंग के अनुसार, बदमाश आपस में लोकल बांग्ला भाषा में बातचीत कर रहे थे। उनके पास तीन देशी कट्टे और एक बड़ा चाकू था। परिवार को डराकर बदमाश घर में रखे आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, लूटी गई नकदी की अनुमानित राशि चार से पांच लाख रुपये है। इसके अलावा लाखों रुपये के आभूषण भी लूटे गए हैं। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन पुलिस की जांच और परिवार की ओर से दी जाने वाली विस्तृत जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस घर तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात से पहले देर रात चांडिल बाजार में कुछ संदिग्ध युवकों को देखा गया था। हालांकि, इन युवकों का डकैती की घटना से संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद से व्यवसायी सुरेश चौधरी का परिवार सदमे में है। वहीं, स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।



