अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 22 भारी वाहनों पर 1.44 लाख रुपये जुर्माना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 22 भारी वाहनों पर 1.44 लाख रुपये जुर्माना

सरायकेला, 08 अक्टूबर : जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा समेत विभिन्न प्रमुख सड़क मार्गों पर जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से खड़े कुल 22 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 44 हजार 950 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

परिवहन विभाग के अनुसार सड़क किनारे भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। विशेष रूप से रात के समय सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दूसरे वाहन चालकों के लिए गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकते हैं।

जांच के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही मुख्य सड़क, सड़क किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article