SIR को लेकर डीसी ने विशेष डिजिटाइजेशन कैंप का किया निरीक्षण, 10 अक्टूबर को सभी बूथों पर लगेगा मेगा शिविर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 07 अक्टूबर : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत चल रहे डिजिटाइजेशन, जनसुनवाई और फॉर्म-6 से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को विशेष डिजिटाइजेशन कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने 49-जमशेदपुर पश्चिम और 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के शारदामणि इंग्लिश स्कूल, राजेन्द्र विद्यालय, जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय परिसर समेत विभिन्न केंद्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डिजिटाइजेशन की प्रगति, प्राप्त आवेदनों, नागरिकों की समस्याओं और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को SIR से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि डिजिटाइजेशन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्राप्त दस्तावेजों की जांच और डेटा प्रविष्टि सावधानीपूर्वक की जाए। साथ ही, नागरिकों को फॉर्म-6 समेत निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जनसुनवाई में प्राप्त मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि SIR के तहत नागरिकों की सुविधा और लंबित कार्यों के निष्पादन के लिए 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा शिविर आयोजित किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर डिजिटाइजेशन-सह-हेल्प डेस्क भी संचालित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने मतदाताओं से निर्धारित शिविरों में पहुंचकर SIR से संबंधित आवश्यक कार्य पूरा कराने और पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की।

मौके पर ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, ईआरओ सह एसओआर राहुलजी आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित संबंधित एईआरओ मौजूद रहे।

Share This Article