अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 250 किलो जावा महुआ किया नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजनगर, 07 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र के गोपालपुर जंगल में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने वाली भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गोपालपुर जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस को मौके पर शराब निर्माण के लिए बनाई गई भट्ठियां मिलीं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 किलो जावा महुआ नष्ट करने के साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन और अन्य सामग्रियों को भी मौके पर नष्ट कर दिया। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबार में शामिल संचालक घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी सोनू कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। फरार संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article