दुर्गापूजा को लेकर पेश-ए-इमाम व मस्जिद प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन की बैठक
जमशेदपुर, 05 अक्टूबर : दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में पेश-ए-इमाम तथा मस्जिदों के अध्यक्ष एवं सचिवों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने की। इस दौरान पूजा एवं विसर्जन के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और विसर्जन घाटों की व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा और सौहार्द्र बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। युवाओं से अपील की गई कि किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना आगे साझा न करें। एआई से तैयार फेक वीडियो, एडिटेड वीडियो और भ्रामक तस्वीरों से भी सावधान रहने की अपील की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने मस्जिद प्रतिनिधियों से भी लोगों को अफवाहों से बचने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने के लिए जागरूक करने की अपील की।
बैठक में विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, ड्रॉप गेट, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन जैसे विषयों पर भी आवश्यक चर्चा हुई।



