जेसीबी के सामने लेटी महिलाएं, विरोध के दौरान एक महिला बेहोश – तनाव के बीच प्रशासन ने की आंशिक कार्रवाई
आदित्यपुर, 05 अक्टूबर : आदित्यपुर स्टेशन रोड स्थित गांधीनगर में सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। जेसीबी मशीन के साथ पहुंची टीम की कार्रवाई का स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। विरोध के चलते कुछ देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
प्रशासन की टीम के पहुंचते ही ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। कई महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं, जबकि कुछ महिलाएं मशीन के सामने ही लेट गईं। इस दौरान धक्का-मुक्की के बीच एक महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों का आरोप था कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए गरीबों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
गम्हरिया अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह बतौर मजिस्ट्रेट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन ने आंशिक कार्रवाई करते हुए प्लॉटिंग के लिए बनाई गई बाउंड्री वॉल और एक अर्द्धनिर्मित मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। विरोध के कारण प्रशासन की टीम बाद में मौके से लौट गई।
कार्रवाई को लेकर सियासत भी तेज
गांधीनगर में हुई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। झामुमो नेता भुगलु सोरेन ने भाजपा नेता बॉबी सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति के तहत साजिश कर गरीबों के मकान उजड़वाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से गरीब परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की मांग की।



