2 अक्टूबर को पटमदा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, उपायुक्त को दिया आमंत्रण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

2 अक्टूबर को पटमदा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, उपायुक्त को दिया आमंत्रण

जमशेदपुर/पटमदा, 29 सितंबर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पटमदा प्रखंड अंतर्गत लावा पंचायत भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में शामिल होने के लिए मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन को आमंत्रण पत्र सौंपा गया।

शहीद स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। आयोजक समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को शिविर में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

विश्वनाथ महतो ने बताया कि महात्मा गांधी के मानवता, सेवा और करुणा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के त्याग, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

रजनी कांत सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है और जीवन बचाने का माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। उन्होंने लोगों से इस सामाजिक पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Share This Article