आद्रा मंडल में स्वच्छता अभियान तेज, स्टेशनों और रेलवे परिसरों में चला गहन सफाई अभियान
आद्रा, 28 सितंबर : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में “स्वच्छता ही सेवा-2026” अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियों में तेजी लाई गई है। “स्वच्छता में सहभाग” थीम के साथ 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे परिसरों, कार्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों और रेलवे कॉलोनियों में लगातार स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 28 सितंबर को आद्रा मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों, कार्यालय परिसरों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे परिसरों की व्यापक साफ-सफाई के साथ कचरे के उचित निस्तारण और जल निकासी वाले क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थल क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ रेलकर्मियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। मंडल की ओर से नियमित स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
आद्रा मंडल ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा-2026” का उद्देश्य केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना भी है।
मंडल की ओर से रेलकर्मियों और यात्रियों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। लोगों से कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा वाटर कूलर, नलों और अन्य पेयजल सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आग्रह किया गया है।



