जुगसलाई में 17 किलो 274 ग्राम गांजा बरामद, बिहार का युवक गिरफ्तार
जमशेदपुर, 26 सितंबर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 किलो 274 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा ले जा रहे बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक एप्पल आईफोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घोड़ा चौक के पास संदिग्ध युवक को काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा। तलाशी के दौरान सूटकेस से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे गांजा के 14 पैकेट बरामद हुए। वहीं पिट्ठू बैग से तीन पैकेट गांजा मिला। सभी 17 पैकेट का कुल वजन 17 किलो 274 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने गांजा के अलावा सूटकेस, पिट्ठू बैग और एक नीले रंग का एप्पल आईफोन भी बरामद किया है।
पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं गांजा की सप्लाई कहां से हुई और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।



