बावनगोड़ा में घर-घर कचरा उठाव की पहल, डिजिटल रूट मैपिंग के बाद शुरू होगी व्यवस्था

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बावनगोड़ा में घर-घर कचरा उठाव की पहल, डिजिटल रूट मैपिंग के बाद शुरू होगी व्यवस्था

जमशेदपुर, 23 सितंबर : बावनगोड़ा में पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नवयुवक सेवा समिति की ओर से बुधवार को आमसभा सह उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर कचरा उठाव प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की।

बताया गया कि प्रथम चरण में पंचायत क्षेत्र की डिजिटल माध्यम से रूट मैपिंग की जा रही है। रूट मैपिंग पूरी होने के बाद घर-घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आयोजकों के अनुसार, डिजिटल मैपिंग के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करने की यह पहल झारखंड में पहली बार की जा रही है। इससे कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करने के साथ पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

आमसभा की अध्यक्षता नवयुवक सेवा समिति के अध्यक्ष प्रदीप गुहा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। लोगों से निर्धारित व्यवस्था के तहत कचरा देने और पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की गई।

कार्यक्रम में अभय चौबे, पूर्व जिला पार्षद राखी गुहा, प्रोफेसर हरि प्रसाद शुक्ला समेत विभिन्न पंचायतों के मुखिया, उप मुखिया, वार्ड सदस्य, JSLPS के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article