बर्मामाइंस में 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मानसिक तनाव में होने की बात
जमशेदपुर, 23 सितंबर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में बुधवार सुबह 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राज उर्फ विनय पांडेय के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, राज कैलाश नगर के नंबर 41सी ब्लॉक में अंजय कुमार के मकान की पहली मंजिल पर रहता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। बुधवार सुबह उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।



