दुकान भाड़ा वृद्धि के खिलाफ जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने तेज किया विरोध
जमशेदपुर, 22 सितंबर : शहर के अलग-अलग बाजारों में दुकानों के प्रस्तावित भाड़ा वृद्धि के खिलाफ जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने विरोध तेज कर दिया है। मंगलवार को एसोसिएशन की ओर से शहर के विभिन्न बाजारों में माइकिंग कर दुकानदारों को भाड़ा वृद्धि के खिलाफ एकजुट होने की अपील की गई। इस दौरान दुकानदारों के बीच पर्चे भी बांटे गए।
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले कई महीनों से धरना और प्रदर्शन के माध्यम से दुकानों के भाड़े में प्रस्तावित बढ़ोतरी का विरोध किया जा रहा है। एसोसिएशन के मुताबिक भाड़े में वृद्धि होने से शहर के विभिन्न बाजारों में कारोबार करने वाले दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ने की आशंका है।
एसोसिएशन ने दुकानदारों से प्रस्तावित भाड़ा वृद्धि के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है। संगठन ने कहा कि आने वाले दिनों में भी भाड़ा वृद्धि के विरोध में आंदोलन जारी रखा जाएगा।



