चुना भट्टा मैदान बचाने और कथित अवैध जमाबंदी रद्द करने की मांग को लेकर पांच दिनों से चल रहा था आंदोलन
सरायकेला, 19 सितंबर : आदित्यपुर चुना भट्टा मैदान को बचाने और कथित अवैध जमाबंदी रद्द करने की मांग को लेकर पांच दिनों से अनशन पर बैठे भाजपा नेता सह मैदान बचाओ संघर्ष समिति के सचिव विशु महतो और बस्तीवासियों का अनशन शनिवार को समाप्त हो गया। अनशनकारियों की तबीयत बिगड़ने के बाद झारखंड आंदोलनकारी अनादि आचार्य और मीलू सरदार ने अनशन का नेतृत्व कर रहे विशु महतो और राजेश गोप को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
अनशन समाप्त करने के बाद विशु महतो ने कहा कि मैदान बचाने की लड़ाई आगे भी संवैधानिक तरीके से जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जल, जंगल और जमीन की लूट हो रही है तथा भू-माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि चुना भट्टा मैदान की जमीन की भौतिक जांच कराने और कथित अवैध जमाबंदी को रद्द कराने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
विशु महतो ने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले को न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी पदाधिकारी की मिलीभगत से अनावाद बिहार सरकार की जमीन का गलत तरीके से खतियान तैयार किया गया है, तो इसकी जांच कर दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश हांसदा, अधिवक्ता सुमित गोराई, शिवनाथ लोहरा, कालीचरण लोहरा, बिष्णु लोहरा, सुनील लोहरा, कल्याणी देवी, यमुना लोहरा, सुनील साव, छबि महतो, चिन्मय महतो, रिकुं महतो, महेश्वर लोहरा, अनिल महतो, लाली देवी, करमी भगत सहित चुना भट्टा बस्ती के लोग मौजूद थे।



