Breaking news : पुरुलिया में चार बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया शुरू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुरुलिया, 17 सितंबर : पुरुलिया जिले में अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में चार बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने चारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिटेंशन सेंटर में रखा है। वहीं, उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की शाम करीब 4:15 बजे रघुनाथपुर थाने को एक गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे साल्का अस्पताल रोड के पास साड़ी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया है।

पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपनी पहचान मोहम्मद तौहिद मंडल, पिता मोहम्मद तारिकुल मंडल, निवासी हबसपुर गांव, थाना पांगशा, जिला राजबाड़ी, बांग्लादेश के रूप में बताई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तौहिद मंडल ने बताया कि वह कुछ अन्य बांग्लादेशी नागरिकों के साथ 1 सितंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने उसके बताए इनपुट के आधार पर पुरुलिया टाउन थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में सत्यापन अभियान चलाया। वहां से तीन अन्य बांग्लादेशी नागरिकों को भी हिरासत में लेकर रघुनाथपुर थाने लाया गया।

हिरासत में लिए गए अन्य लोगों की पहचान मो. जाहिद इमोन, सुमन शेख और शांतो हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जाहिद इमोन राजबाड़ी जिले, सुमन शेख कुष्टिया जिले और शांतो हुसैन भी कुष्टिया जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने बताया कि चारों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेने सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब प्रत्यावर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Share This Article