SIR-2026 : जमशेदपुर सदर में दावा-आपत्ति सुनवाई का डीईओ ने लिया जायजा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गोलमुरी में होम टू रोल वेरिफिकेशन की भी जांच, मतदाताओं से कहा- अपने और परिवार के नाम जरूर करें सत्यापित

जमशेदपुर, 11 सितंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत जमशेदपुर सदर प्रखंड में चल रही दावा-आपत्ति सुनवाई का जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से दावा-आपत्ति के तहत प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन की स्थिति तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, संबंधित ईआरओ, एईआरओ एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दावा-आपत्ति से जुड़े आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने गोलमुरी क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करते हुए अभियान की जानकारी दी। बताया गया कि इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन कर रहे हैं।

अभियान का उद्देश्य एक ही परिवार और घर में रहने वाले मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराना तथा किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहने देना है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ और संबंधित पदाधिकारियों को सत्यापन कार्य में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता की जानकारी का सही और निष्पक्ष सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने और परिवार के सदस्यों के नाम एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल पर आवेदन प्रस्तुत करें।

Share This Article