कदमा में चापड़बाजी से हड़कंप, युवक गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में बाबा फर्नीचर के पास हुई वारदात, आरोपी फरार

जमशेदपुर, 11 सितंबर : कदमा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात चापड़ से हमला किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में बाबा फर्नीचर और फारूकी मस्जिद के पास हुई इस वारदात में कैफ खान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article