ट्यूब मेकर्स क्लब कर्मचारियों को मिलेगा 16.5 प्रतिशत बोनस, अधिकतम 62,401 रुपये
जमशेदपुर, 09 सितंबर : ट्यूब मेकर्स क्लब प्रबंधन एवं कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच कर्मचारियों के बोनस को लेकर समझौता संपन्न हुआ। समझौते के तहत ट्यूब मेकर्स क्लब के कर्मचारियों को 16.5 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। बोनस की न्यूनतम राशि 24,704 रुपये, जबकि अधिकतम राशि 62,401 रुपये निर्धारित की गई है। कर्मचारियों को औसतन 46,756 रुपये बोनस के रूप में प्राप्त होंगे।
बोनस समझौते पर क्लब प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष दिनकर आनंद, सेक्रेटरी अनुराग कटोरिया एवं रिचा केडिया ने हस्ताक्षर किए। वहीं यूनियन की ओर से प्रेसिडेंट राकेश्वर पांडे, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, जनरल सेक्रेटरी ददन सिंह तथा कमेटी मेंबर पुलक मेंथी और पीटर एंथोनी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौता संपन्न होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल रहा। कर्मचारियों ने यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए बोनस समझौते के लिए आभार जताया।
इस दौरान यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडे और ट्यूब मेकर्स क्लब के अध्यक्ष संतोष कुमार सिन्हा के बीच क्लब के विकास को लेकर भी सकारात्मक बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने क्लब को आगे बढ़ाने तथा कर्मचारियों के हित में बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए समय-समय पर यूनियन और प्रबंधन के बीच बैठक आयोजित करने पर सहमति जताई।
यूनियन और प्रबंधन के बीच नियमित संवाद के जरिए क्लब तथा कर्मचारियों के विकास के नए रास्ते तलाशने पर जोर दिया गया। समझौते के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।



