झारखंड में बढ़ा स्वाइन इन्फ्लूएंजा का खतरा, 11 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि – स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

रांची, 02 सितंबर : झारखंड में स्वाइन इन्फ्लूएंजा (H1N1) संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राजधानी रांची स्थित रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई जांच में तीन और मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में अब तक पॉजिटिव पाए गए मरीजों की कुल संख्या 11 हो गई है।

जानकारी के अनुसार, रिम्स में चार संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच की गई थी। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमण की बढ़ती स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यव्यापी एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन में रखकर उपचार शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की ओर से मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इन लोगों को विशेष सावधानी की सलाह

चिकित्सकों के अनुसार, बुजुर्ग, पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं तथा शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों में संक्रमण का जोखिम अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सर्दी-खांसी, बदन दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का इस्तेमाल करने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने और संक्रमण के लक्षण वाले लोगों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के बाद अब राज्य में H1N1 संक्रमण की रोकथाम और निगरानी को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था को और सतर्क किया जा रहा है।

Share This Article