वज्रपात की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवती की मौत, इलाके में पसरा मातम
आदित्यपुर, 09 सितंबर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 35 के कुलुपटांगा लोअर साइड फुटबॉल मैदान के समीप मंगलवार देर शाम वज्रपात की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कुलुपटांगा बस्ती निवासी सुनील लोहार की पुत्री मुस्कान लोहार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज गर्जन के बीच क्षेत्र में वज्रपात हुआ। इसी दौरान फुटबॉल मैदान के समीप मौजूद मुस्कान लोहार आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। वज्रपात से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ी और अचेत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड संख्या 35 के पार्षद प्रतिनिधि सह सामाजिक कार्यकर्ता बिट्टू पाड़िया मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से झुलसी युवती को तत्काल जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
इधर, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत मृतका के परिवार को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।



