नगर पंचायत सरायकेला में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा – जनसेवा और विकास के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा

सरायकेला, 08 सितंबर : नगर पंचायत सरायकेला के सभागार में मंगलवार को झारखंड सरकार के दिवंगत नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, वार्ड पार्षद अंजली राय, ज्योति साहू, सविता पटनायक, सुषमा तियु, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान समेत नगर पंचायत के कर्मी मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झारखंड राज्य और विशेष रूप से नगर विकास के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सोनू एक संवेदनशील, कर्मठ और दूरदर्शी जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने हमेशा जनहित और विकास को प्राथमिकता दी।

अध्यक्ष ने कहा कि सरायकेला के समग्र विकास और नगर पंचायत से जुड़े विभिन्न विषयों पर उन्हें दिवंगत मंत्री से चर्चा करने का अवसर मिला था। विकास को लेकर उनकी स्पष्ट सोच और सकारात्मक कार्यशैली हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।

उन्होंने कहा कि सोनू भले ही आज हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, जनसेवा के प्रति समर्पण और विकास की सोच हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उनके अधूरे सपनों और विकास के संकल्पों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अंत में नगर पंचायत परिवार ने दिवंगत मंत्री को शत-शत नमन करते हुए उनकी आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Share This Article