नारों से गूंजा कुकड़ू, बच्चों ने जगाई शिक्षा की अलख

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

‘दीप से दीप जलाएंगे, भारत को साक्षर बनाएंगे’ के संदेश के साथ निकली प्रभात फेरी, चौराहे पर हुआ सामूहिक पठन

कुकड़ू, 08 सितंबर : शिक्षा केवल स्कूल की चारदीवारी तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचे। इस संदेश के साथ कुकड़ू प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कुकड़ू के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को साक्षरता की अलख जगाई। उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित साक्षरता पखवाड़ा अभियान में बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

विद्यालय परिसर से निकली प्रभात फेरी पोषक क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बस्तियों से होकर गुजरी। हाथों में जागरूकता का संदेश और जुबां पर साक्षरता के नारे लिए बच्चों ने ग्रामीणों से निरक्षरता दूर करने की अपील की। “दीप से दीप जलाएंगे, भारत को साक्षर बनाएंगे” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रभात फेरी के बाद प्रखंड मुख्यालय के समीप चौराहे पर सामूहिक पठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाध्यापक संजीव कुमार बनर्जी के नेतृत्व में आयोजित इस गतिविधि में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य कमल गोराई, राजेश गोप, अभिभावक पुन्नू गोराई, हेमंत महतो, चिकन काला गोराई, मोहन गोराई, संताल कुमार, समाजसेवी महादेव सिंह बाबू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सहायक शिक्षक गुणाधर महतो ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रधानाध्यापक संजीव कुमार बनर्जी ने कहा कि उल्लास कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर लोगों को पढ़ना-लिखना सिखाकर उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास के निरक्षर लोगों को पढ़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

सामूहिक पठन के जरिए विद्यालय ने यह संदेश दिया कि साक्षर समाज के निर्माण की शुरुआत एक व्यक्ति से होती है और उसकी रोशनी पूरे गांव तक पहुंच सकती है।

Share This Article