खेजुरडीह में निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग, एंबुलेंस और स्कूली बच्चों के आवागमन पर भी संकट
पटमदा, 01 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर पंचायत के खेजुरडीह गांव में अधूरे पुलिया निर्माण और बदहाल डायवर्सन को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने विरोध जताया है। मंगलवार को JLKM के प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन पुलिया एवं डायवर्सन की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन तथा संबंधित सड़क निर्माण विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
JLKM के जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो ने कहा कि मानसून से पहले ही खेजुरडीह नाला के डायवर्सन एवं पुलिया की समस्या को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की परेशानी से अवगत कराया गया था। इसके बाद विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू भी कराया गया, लेकिन वर्तमान में पुलिया का काम अधूरा पड़ा है और निर्माण कार्य ठप नजर आ रहा है।
उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान डायवर्सन पर पानी भर जाने से कांकड़ीह-दांदुडीह मुख्य सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। दो दिन पूर्व डायवर्सन बह जाने के बाद चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। इससे सबसे बड़ी परेशानी आपातकालीन स्थिति में हो रही है, क्योंकि एंबुलेंस भी इस मार्ग से गुजर नहीं पा रही है। वहीं, स्कूली एवं कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार इस सड़क से ओड़िया, बनकुंचिया और कुमीर पंचायत के ग्रामीणों का आवागमन होता है। यह मार्ग झारखंड को बंगाल सीमा से भी जोड़ता है। रास्ता बाधित होने के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने, प्रखंड मुख्यालय और काटिन बाजार जाने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे उनका समय और आर्थिक नुकसान दोनों बढ़ रहे हैं।
JLKM नेताओं ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन को समस्या की जानकारी पहले ही दी जा चुकी थी और निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया था, तो फिर इसे अधूरा छोड़ने की वजह क्या है। उन्होंने प्रशासन एवं सड़क निर्माण विभाग से डायवर्सन की तत्काल मरम्मत कर आवागमन बहाल करने और पुलिया निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।
JLKM ने चेतावनी दी कि ग्रामीणों की समस्या की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने स्थायी समाधान के साथ पुलिया के पहुंच पथ का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी।
मौके पर जिला वरीय उपाध्यक्ष सुब्रत महतो, प्रखंड अध्यक्ष श्याम सुंदर महतो, जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय महतो एवं कैलाश महतो, जिला सचिव राजेश कुंभकार, प्रमंडल उपाध्यक्ष भैरव महतो, निर्मल महतो, साहेब राम महतो, सुनील कुमार महतो, पांडव महतो, विश्वजीत महतो, सागर महतो, सुकुमार महतो, आदित्य महतो समेत अन्य JLKM पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



