कुकड़ू में बारिश का कहर : कच्चा मकान भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचा छह वर्षीय बच्ची समेत पूरा परिवार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकड़ू, 01 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कहीं बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है तो कहीं किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सता रही है। वहीं, बारिश के कारण दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी गहराता जा रहा है। इसी बीच कुकड़ू प्रखंड के सपादा गांव से बारिश के कहर की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है।

लगातार बारिश के कारण सपादा गांव निवासी त्रिभंगा गोराई का मिट्टी का कच्चा मकान बीती रात अचानक भरभराकर ध्वस्त हो गया। जिस समय मकान गिरा, उस वक्त छह वर्षीय बच्ची समेत पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। मकान गिरने की आहट मिलते ही परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। समय रहते घर से बाहर निकलने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

मकान पूरी तरह ध्वस्त होने के बाद परिवार के सामने अब सिर छिपाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास या अबुआ आवास जैसी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है।

घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को दी। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। साथ ही जिला प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए परिवार को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने प्रखंड स्तर के अधिकारियों को पीड़ित परिवार के लिए तत्काल अस्थायी आवास और राशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि बारिश के बीच परिवार को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share This Article