दोमुहानी रुद्र महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक, भक्तों के बीच बांटा गया प्रसाद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

दोमुहानी रुद्र महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक, भक्तों के बीच बांटा गया प्रसाद

जमशेदपुर, 26 अगस्त : सोनारी स्थित दोमुहानी रुद्र महादेव मंदिर में शिव शक्ति पूजा समिति की ओर से श्रद्धा एवं भक्ति के साथ रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूजा-अर्चना के दौरान भक्तों ने भगवान महादेव का जलाभिषेक कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

समिति के सदस्य मनोरंजन कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 से बाबा रुद्र महादेव की सेवा और रुद्राभिषेक पूजा का आयोजन किया जा रहा है। शुरुआत में केवल चार लोग इस सेवा कार्य से जुड़े थे, लेकिन अब पांचवें वर्ष में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वेच्छा से समिति के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी कर रही है। यह विस्तार बाबा महादेव की कृपा और भक्तों के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना का आयोजन श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से ही संभव हो पाता है। समिति ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी भक्तों के प्रति आभार जताया और भगवान महादेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्बुद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

समिति से जुड़े श्यामलाल नायक ने बताया कि सामाजिक संस्था समलेश्वरी जन जागरण के माध्यम से बच्चों की शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में भी कार्य किया जा रहा है। संस्था से जुड़े युवा धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पहले रुद्राभिषेक एवं पूजा का आयोजन उलियान स्थित मंदिर में किया जाता था, लेकिन वहां जगह कम पड़ने के कारण बाद में दोमुहानी रुद्र महादेव मंदिर में आयोजन शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि बाबा महादेव की सेवा और भक्ति के साथ समाजहित में जनकल्याणकारी कार्यों को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव से सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि प्रदान करने तथा समाज में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने की कामना की।

Share This Article