भुईयाडीह ग्वाला बस्ती के 50 घरों में घुसा पानी, जलजमाव से बढ़ी परेशानी
जमशेदपुर, 26 अगस्त : भुईयाडीह स्थित ग्वाला बस्ती के लाइन नंबर-4 में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। भारी बारिश के बाद बस्ती के करीब 50 घरों में पानी घुस गया है। घरों में पानी प्रवेश करने से लोगों के घरेलू सामान खराब होने लगे हैं। वहीं, लगातार जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी घरों के अंदर तक पहुंच जाने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। कई घरों में रखे सामान पानी में भीगने से खराब हो रहे हैं। बस्ती के मंदिर परिसर में भी पानी घुस गया है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।
जेडीयू कार्यकर्ता अर्जुन यादव ने बताया कि लाइन नंबर-4 में जलजमाव की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद क्षेत्र की विधायिका और जुस्को प्रबंधन की ओर से अब तक जल निकासी को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
अर्जुन यादव ने कहा कि जलजमाव के कारण लोगों के घरों और सामान को नुकसान हो रहा है, लेकिन समस्या का जायजा लेने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित एजेंसी से तत्काल प्रभावित क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके और घरों में पानी से होने वाले नुकसान को रोका जा सके।



