नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्ठियां ध्वस्त 1500 किलो जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्ठियां ध्वस्त
1500 किलो जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

नीमडीह, 24 अगस्त : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। संयुक्त छापेमारी में टीम ने मौके से 1500 किलोग्राम जावा महुआ और 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की।

उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड उत्पाद विभाग और पश्चिम बंगाल उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे लाकड़ी और चतरमा गांव में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान तीन अवैध चुलाई भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार महुआ शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।

उत्पाद विभाग ने संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा उत्पाद विभाग को देने की अपील की है।

Share This Article