अन्नपूर्णा भंडार की पहली किस्त मिलने पर महिलाओं में खुशी, भाजपा ने निकाली आभार यात्रा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

अन्नपूर्णा भंडार की पहली किस्त मिलने पर महिलाओं में खुशी, भाजपा ने निकाली आभार यात्रा

बाघमुंडी, 24 अगस्त : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से महिलाओं के लिए की गई प्रमुख घोषणाओं में शामिल अन्नपूर्णा भंडार योजना की पहली किस्त जारी होने के बाद महिलाओं में खुशी की लहर है। योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था। हाल ही में लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में एकमुश्त तीन हजार रुपये की पहली किस्त पहुंची, जिसके बाद महिलाओं ने सरकार के प्रति खुशी और आभार जताया।

पहली किस्त जारी होने के बाद भाजपा की ओर से पुरुलिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आभार यात्रा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने आभार यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

आभार यात्रा के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने कहा कि सरकार की ओर से किया गया वादा पूरा होने से उन्हें आर्थिक रूप से राहत मिलेगी। योजना की राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से महिलाओं ने इसे सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के पुरुलिया जिलाध्यक्ष ने कहा कि बंगाल सरकार ने अपने 100 दिनों का सफल कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान माताओं और बहनों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। अन्नपूर्णा भंडार की पहली किस्त का भुगतान इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खातों में तीन हजार रुपये की राशि पहुंचने से राज्य की बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अपने चुनावी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

आभार यात्रा के दौरान महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के समर्थन में नारे लगाए तथा अन्नपूर्णा भंडार योजना की पहली किस्त मिलने पर खुशी जताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला समर्थक मौजूद रहीं।

Share This Article