कपाली में SIR-2026 को लेकर विशेष शिविर, नोटिस वाले मतदाताओं से लिए जा रहे दस्तावेज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली में SIR-2026 को लेकर विशेष शिविर, नोटिस वाले मतदाताओं से लिए जा रहे दस्तावेज

कपाली, 24 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) को लेकर सोमवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे और चुनाव आयोग की ओर से जारी नोटिस के आलोक में आवश्यक दस्तावेज जमा कराए।

शिविर में मुख्य रूप से वैसे मतदाताओं से दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं, जिन्हें गणना प्रपत्र में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने अथवा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण नोटिस जारी किया गया है। संबंधित मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी पहचान एवं पात्रता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।

SIR प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपनी पहचान की पुष्टि के लिए आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त 11 दस्तावेजों में से कोई एक वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद संबंधित मतदाता की पात्रता के संबंध में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि जिन्हें नोटिस जारी किया गया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर शिविर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज अवश्य जमा करें, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में उनकी जानकारी का सही तरीके से सत्यापन किया जा सके।

शिविर के दौरान अधिकारियों और कर्मियों द्वारा पहुंचे मतदाताओं को SIR-2026 की प्रक्रिया, दस्तावेजों की आवश्यकता तथा सत्यापन से संबंधित जानकारी भी दी गई। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण शिविर में दिनभर गतिविधियां जारी रहीं।

इस मौके पर वार्ड पार्षद, संतोष महतो, इनामूल हक अंसारी , मोहम्मद एजाज अंसारी, हाफिज अंसारी, अबुल अंसारी, मोहम्मद असलम अंसारी, पार्षद प्रतिनिधि खगेन चंद्र महतो, कालो, हीरो आदि मौजूद रहे।

Share This Article