पूर्वी सिंहभूम के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप, 3100 लाभार्थियों को मिला 13.70 करोड़ का लाभ

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पूर्वी सिंहभूम के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप, 3100 लाभार्थियों को मिला 13.70 करोड़ का लाभ

जमशेदपुर, 23 अगस्त : राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकार (NALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकार (JHALSA) के निर्देश पर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद और पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 3100 लाभार्थियों के बीच 13 करोड़ 70 लाख 51 हजार रुपये की परिसंपत्तियों एवं योजनागत लाभ का वितरण किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर सभी प्रखंडों में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल और अधिकार मित्रों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। संबंधित प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी शिविर में मौजूद रहे।

मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, राजस्व, आपूर्ति विभाग, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों को दिया गया।

शिविर में लोगों को सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उनके अधिकारों की जानकारी भी दी गई। वहीं, जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल से आयोजित इस मेगा कैंप के जरिए प्रशासनिक एवं न्यायिक तंत्र को आम लोगों के और करीब लाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्राथमिकता है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

Share This Article