आवारा पशुओं से लेकर मीट शॉप तक प्रशासन सख्त, पशु क्रूरता रोकने को चलेगा विशेष अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आवारा पशुओं से लेकर मीट शॉप तक प्रशासन सख्त, पशु क्रूरता रोकने को चलेगा विशेष अभियान

जमशेदपुर, 22 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले में पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने और पशु कल्याण से जुड़े नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक हुई। इसमें पशु परिवहन, मीट शॉप, पेट शॉप, डॉग ब्रीडिंग सेंटर, आवारा पशुओं और मुर्गा लड़ाई जैसी गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों और नगर निकायों को संयुक्त टीम गठित कर मीट शॉप, पेट शॉप एवं डॉग ब्रीडिंग सेंटरों को चिन्हित करने का निर्देश दिया। प्रतिष्ठान संचालकों को नियमों की जानकारी देने के साथ पात्र प्रतिष्ठानों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आवारा पशुओं को लेकर भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया। नगर निकायों को पशुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर निर्धारित गौशाला या आश्रय स्थल में भेजने का निर्देश दिया गया। पशु मालिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत गौशाला में पशु के खानपान एवं देखभाल की तय राशि का भुगतान कर अपने पशु को वापस ले सकेंगे।

बैठक में मुर्गा लड़ाई जैसी पशु क्रूरता से जुड़ी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी और नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया।

वहीं, मीट शॉप के संचालन में पशु वध के लिए निर्धारित स्थान और मांस बिक्री स्थल को अलग रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, पशुपालन विभाग के पदाधिकारी, गौशाला प्रतिनिधि समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article