जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं – सड़क, आवास, जमीन से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक के मामले पहुंचे

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं – सड़क, आवास, जमीन से लेकर मूलभूत सुविधाओं तक के मामले पहुंचे

सरायकेला, 21 अगस्त : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से पहुंचे नागरिकों की व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अलग-अलग मामलों से संबंधित आवेदन सौंपते हुए समाधान की गुहार लगाई।

जनता दरबार में दिव्यांगता के आधार पर यूडीआईडी कार्ड बनवाने, चांडिल अंचल में पंजी-2 की ऑनलाइन प्रविष्टि एवं म्यूटेशन रिवीजन, वर्ष 1984 के सिख दंगा प्रभावित परिवारों को क्षतिपूर्ति का लाभ दिलाने सहित कई मामले सामने आए।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण में पड़ोसियों द्वारा भूमि विवाद के नाम पर बाधा उत्पन्न करने की शिकायत भी नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष रखी। वहीं, गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में वर्ष 2022-23 में किए गए भुगतान की जांच की मांग भी की गई।

जगन्नाथपुर पंचायत में नवज्योति स्कूल के समीप वर्ष 2018 में सड़क एवं नाला निर्माण के लिए आवेदन दिए जाने के बावजूद काम अधूरा रहने और जलजमाव व कीचड़ की समस्या का मामला भी जनता दरबार में पहुंचा। इसके अलावा चौका-चाईबासा तथा कांड्रा-चांडिल जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई।

चौका थाना क्षेत्र में पार्क की जमीन की कथित जबरन मापी एवं खरीद-बिक्री के लिए दबाव बनाने, आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-1 में नाली, पानी, लाइट और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मौजा आनंदपुर स्थित प्राचीन बाबा आश्रम के सौंदर्यीकरण से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, मामलों में की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराने का निर्देश दिया।

Share This Article