
दुकान से बिल और जरूरी दस्तावेज भी ले गए चोर
जमशेदपुर, 20 अगस्त : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक के पास बुधवार देर रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने गोल्डन ज्वेलर्स का ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और काउंटर में रखे आभूषणों के अलावा बिल एवं जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

गुरुवार सुबह पड़ोस के दुकानदार जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो गोल्डन ज्वेलर्स का ताला टूटा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल दुकान मालकिन को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुकान मालकिन मौके पर पहुंचीं और अंदर जाकर जांच की। इस दौरान काउंटर और दुकान से आभूषण गायब मिले। इसके बाद घटना की सूचना बागबेड़ा थाना पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। दुकान मालकिन सुमन के अनुसार, चोर करीब पांच से छह लाख रुपये मूल्य के आभूषण ले गए हैं। हालांकि, चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

इधर, दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चोर दुकान के अंदर घुसकर चोरी करता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी छानबीन शुरू कर दी है और चोर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






























