

कामकाज की आपाधापी के बीच महिलाओं को मिला उमंग भरा ब्रेक, ‘सर्व समाज सावन उत्सव’ में बिखरे संस्कृति और उत्साह के रंग
जमशेदपुर, 18 अगस्त : घर-परिवार और कामकाज की जिम्मेदारियों के बीच लगातार भागदौड़ भरी जिंदगी जी रही महिलाओं के लिए साकची स्थित होटल कैनेलाइट में ‘सर्व समाज सावन उत्सव’ का आयोजन किया गया। ‘राजपूत समाज अखंड भारत’ के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व मधु सिंह और रुपम सिंह ने किया। खास बात यह रही कि आयोजन को किसी एक समाज तक सीमित न रखते हुए सभी समाज की महिलाओं को इसमें शामिल किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। महिलाओं ने देशभक्ति और शिवभक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।


सावन के गीतों पर थिरके कदम, गेम्स ने बढ़ाया उत्साह
सावन के गीतों और अन्य मधुर धुनों पर महिलाओं ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग भर दिया। वहीं, विभिन्न मनोरंजक खेलों ने महिलाओं को खुलकर आनंद लेने का मौका दिया। लंबे समय से घरेलू और सामाजिक जिम्मेदारियों में व्यस्त महिलाओं के लिए यह आयोजन एक खुशनुमा ‘ब्रेक’ साबित हुआ।

‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में महिलाओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ कैटवॉक, गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। बिना किसी प्रतिस्पर्धात्मक तनाव के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया।





समाजसेवी पूर्वी घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। बिहार के औरंगाबाद की राजपूत समाज की जिलाध्यक्ष मनोरमा देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अन्नी अमृता ने ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में प्रेमलता सिंह ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि आभा झा ने द्वितीय और माधुरी देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतिभागियों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इससे पहले अतिथियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
सभी समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास
कार्यक्रम की आयोजक मधु सिंह ने कहा कि ‘सर्व समाज सावन उत्सव’ का उद्देश्य केवल मनोरंजन या उत्सव मनाना नहीं, बल्कि महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और विचार साझा करने के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि आयोजन ‘राजपूत समाज अखंड भारत’ के बैनर तले हुआ, लेकिन इसमें सभी समाज की महिलाओं को समान रूप से आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रुपम सिंह और रूबी मिश्र ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सोनू, निशा सिंह, रीवा और माधुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कार्यक्रम के माध्यम से देश के प्रति प्रेम, समाज के प्रति जिम्मेदारी तथा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया।

























