

कुकडू के मामनी और प्रवीन ने योगासन में लहराया परचम, राष्ट्रीय कैम्प के लिए चयन

कुकडू, 14 जुलाई : ‘खेलो झारखंड 2026-27’ के तहत आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। रांची में आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम दिन योगासन स्पर्धा में कुकडू प्रखंड के राजकीयकृत उच्च विद्यालय, तिरुलडीह के दो विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर (कैम्प) के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।

राष्ट्रीय कैम्प के लिए चयनित खिलाड़ियों में विद्यालय की कक्षा 9वीं की छात्रा मामनी महतो ने अंडर-14 बालिका वर्ग में तथा कक्षा 10वीं के छात्र प्रवीन कुमार महतो ने अंडर-17 बालक वर्ग में सफलता हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों ने योगासन में कठिन अभ्यास, अनुशासन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।


ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले दोनों खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय परिवार और क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों का उदाहरण भी माना जा रहा है।

मामनी और प्रवीन की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा विभाग, सरायकेला-खरसावां, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने आगामी राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर एवं प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।




















