हर घर पहुंचेगा नल का पानी, छूटे परिवारों को जल्द कनेक्शन देने का निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उपायुक्त ने जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में पेयजल योजनाओं की समीक्षा की

सरायकेला, 10 अगस्त : जिले में हर घर तक नल से पेयजल पहुंचाने को लेकर जिला प्रशासन ने अधिकारियों को तेजी से काम पूरा करने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई। इसमें जिले की विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सिंगल विलेज स्कीम (SVS) और मल्टी विलेज स्कीम (MVS) के तहत छूटे हुए सभी परिवारों को जल्द नल-जल योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे परिवारों की अद्यतन सूची तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अधूरी पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने तथा लंबित योजनाओं की स्थिति की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जांच करने को भी कहा।

इसके अलावा जिन गांवों और टोलों में पर्याप्त या नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, उन्हें चिह्नित कर भौतिक सत्यापन कराने और जरूरत के अनुसार सुधारात्मक अथवा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने ग्रामीणों को जल संरक्षण और पेयजल योजनाओं के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article