
हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन पर दोमुहानी में गूंजा जश्न, ‘एक पेड़ हेमंत दा के नाम’ अभियान की शुरुआत
जमशेदपुर, 10 अगस्त : झारखंड के मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को सोनारी स्थित दोमुहानी संगम स्थल पर झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘एक पेड़ हेमंत दा के नाम’ अभियान की भी शुरुआत की गई। जिला समिति के अनुसार, अभियान के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रत्येक प्रखंड और पंचायत में हेमंत सोरेन के नाम पर एक-एक पौधा लगाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण को मुख्यमंत्री के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की सार्थक पहल बताया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आदिवासी, मूलवासी, किसान, युवा और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए झारखंड के विकास एवं जनकल्याण के लिए उनके नेतृत्व में आगे भी काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।



