युवा आजसू के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का पहला दिन संपन्न, युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने पर जोर
जमशेदपुर, 07 अगस्त : युवा आजसू का दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन शुक्रवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में उत्साहपूर्ण माहौल में शुरू हुआ। अधिवेशन के पहले दिन राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने के साथ युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिवेशन के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व विरासत से नहीं, बल्कि संघर्ष और जिम्मेदारी निभाने से बनता है। युवाओं को जनहित के मुद्दों पर सजग, संगठित और संघर्षशील होकर राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपने के संकल्प के साथ यह अधिवेशन आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक युवा आगे बढ़कर नेतृत्व नहीं संभालेंगे, तब तक प्रदेश की दशा और दिशा में अपेक्षित बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि अधिवेशन का उद्देश्य आज और आने वाले समय के लिए एक मजबूत और सक्षम आजसू तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि चुनावी परिणाम चाहे जो रहे हों, आजसू पार्टी ने झारखंड के विकास को लेकर अपनी अलग पहचान बनाई है। अब युवाओं को संगठन, नीति निर्माण और सामाजिक परिवर्तन के केंद्र में लाने की जरूरत है।
अधिवेशन में मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, गोमिया के पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, प्रो. रविशंकर मौर्य, संजय मेहता, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक टिकैत महतो, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, रविंद्र ठाकुर, उज्जवल महतो, जमशेदपुर जिला संयोजक मंटू शुक्ला और राधिका साहू सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। संचालन केंद्रीय सचिव हरीश कुमार ने किया।
अधिवेशन के दौरान युवा सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, राजनीतिक भागीदारी, स्वरोजगार और संगठन के सुदृढ़ीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इन विषयों से जुड़े कई प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमन टुडू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज सिंह, सचिव अंजू तिर्की, युवा नेता करण महतो, प्रताप सिंह, अमित यादव, राजकिशोर महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दो दिवसीय अधिवेशन के दूसरे दिन भी युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।