उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

उपायुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

जमशेदपुर, 04 अगस्त : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, सुझावों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जन शिकायत निवारण दिवस में शराब दुकान बंद कराने, स्कूल फीस माफी, घरेलू विवाद, मार्ग में गिरे पेड़ को हटाने, बिजली के तार को स्थानांतरित करने, वन पट्टा प्रदान करने, भूमि पर अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, स्पोर्ट्स शूटिंग पिस्टल के लाइसेंस के स्थानांतरण सहित जनहित से संबंधित अन्य मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि आवेदकों को अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

Share This Article