7 अगस्त को विधानसभा मार्च करेंगे छात्र-जन संगठन, JPSC-JSSC परीक्षा धांधली समेत शिक्षा सुधार के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
रांची, 04 अगस्त : झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्थानीय एवं नियोजन नीति समेत विभिन्न छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र और जन संगठन 07 अगस्त को विधानसभा मार्च करेंगे। इसकी घोषणा मंगलवार को रांची स्थित AISA कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में झारखंड जनाधिकार महासभा, AISA, AISF, RYA सहित अन्य संगठनों ने की।
प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड जनाधिकार महासभा की रिया तुलिका पिंगुआ ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें ‘हूल जोहार’ के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि झारखंड के युवा आज भी उनके संघर्ष और आंदोलन की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने राज्य के छात्र-युवाओं से 07 अगस्त को सुबह 11 बजे आयोजित विधानसभा मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
AISF के प्रदेश सह-सचिव अफज़ल दुरानी ने राज्य में लागू क्लस्टर सिस्टम को तत्काल समाप्त करने तथा ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि जल्द जारी करने की मांग की। वहीं AISA की प्रदेश अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, पारदर्शी स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, JPSC और JSSC की परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने, स्कूली शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा कैलेंडर जारी कर समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने तथा क्लस्टर सिस्टम पर रोक लगाने की मांग उठाई।
AISA के राष्ट्रीय सचिव त्रिलोकी नाथ ने बताया कि विधानसभा मार्च में दिल्ली से संगठन की नेता नेहा बोरा भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि धरना स्थल से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर छात्र-युवाओं की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने और वार्ता करने का प्रयास किया जाएगा।
AISA के जिला अध्यक्ष विजय ने कहा कि केवल JPSC और JSSC ही नहीं, बल्कि राज्य की कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पेपर लीक, अनियमितता और परिणाम में देरी जैसी समस्याओं से अभ्यर्थी परेशान हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक और स्थायी सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रेस वार्ता में उपस्थित संगठनों ने कहा कि यदि सरकार छात्र-युवाओं की मांगों पर गंभीरता से पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 07 अगस्त के विधानसभा मार्च में राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं के शामिल होने का दावा भी किया गया।