जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयर हाउस का किया निरीक्षण – ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित रख-रखाव, त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं अभिलेखों के संधारण का लिया जायजा
जमशेदपुर, 25 जुलाई : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर सदर प्रखंड अंतर्गत किताडीह स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप रख-रखाव की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का जायजा लिया। उन्होंने वेयर हाउस में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं लॉग बुक का भी अवलोकन किया तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। नियमित अंतराल पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण एवं परीक्षण करते रहने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, राजनितिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।