नगर परिषद अध्यक्ष ने किया कार्यालय का औचक निरीक्षण, एस आई आर कार्यों का लिया जायजा
जमशेदपुर, 25 जुलाई : जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं द्वारा जमा किए जा रहे प्रपत्रों की स्वीकृति और उनके निष्पादन की प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी वैध मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश देने की मांग भी जिला प्रशासन से की। जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने दोपहर में नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य यह देखना था कि आम नागरिकों द्वारा जमा किए जा रहे प्रपत्रों को सही तरीके से स्वीकार किया जा रहा है या नहीं, तथा उनकी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही है या नहीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी समीक्षा की कि संबंधित बीएलओ द्वारा प्राप्त प्रपत्रों को समयबद्ध और सही तरीके से ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है या नहीं। नौशीन खान ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी अधिकारियों से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस मौके पर उन्होंने जिले के उपायुक्त से आग्रह किया कि सभी विभागीय कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जाए, ताकि कोई भी वैध मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।