सरायकेला-खरसावां एसपी ने आदित्यपुर व चौका थाना का किया औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला-खरसावां एसपी ने आदित्यपुर व चौका थाना का किया औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा

आदित्यपुर/चांडिल, 22 जुलाई : सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने आदित्यपुर थाना एवं चौका थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों थाना क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना में दर्ज मामलों की प्रगति, गश्ती व्यवस्था, जन शिकायतों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने दोनों थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share This Article