कपाली में स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान करंट लगने से मिस्त्री गंभीर रूप से घायल, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली में स्ट्रीट लाइट लगाने के दौरान करंट लगने से मिस्त्री गंभीर रूप से घायल, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

चांडिल, 20 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराया जा रहा है। इसी दौरान करंट लगने से एक मिस्त्री (इलेक्ट्रिशियन) गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली नगर परिषद के वार्ड 15 में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम करने के दौरान शादाब खान को करंट लग गई, जिससे वह खंबे से सीधे नीचे आ गिरा। इस दुर्घटना में शादाब को गंभीर चोटें आई हैं, उसका दाहिना हाथ बुरी तरह से टूट गया है।

घायल मिस्त्री वार्ड 14 का रहने वाला है। इस दुर्घटना को लेकर घायल शादाब खान के परिजनों ने नगर परिषद पर गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा शादाब खान को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया था। सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, ग्लव्स आदि उपलब्ध नहीं होने के कारण ही यह दुर्घटना घटित हुई।

परिजनों ने नगर परिषद से मुआवजा देने तथा घायल शादाब खान का बेहतर इलाज करवाने की मांग की है।

दुर्घटना की सूचना पर घायल मिस्त्री शादाब खान के आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और अपने वार्ड पार्षद से मुलाकात की। स्थानीय ने वार्ड पार्षद मुमताज अंसारी से कहा कि अविलंब शादाब खान के बेहतर इलाज की व्यवस्था एवं मुआवजा दिया जाय। यदि मुआवजा एवं उचित इलाज की व्यवस्था नहीं किया जाता है तो 21 जुलाई को नगर परिषद कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।

Share This Article