राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी सब्बे समेत तीन ने किया सरेंडर, हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी कार्रवाई में घायल
जमशेदपुर, 09 जुलाई : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर बुधवार शाम हुई राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी सब्बे समेत तीन आरोपियों ने बुधवार देर रात पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य आरोपी सब्बे ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में दो गोलियां लगीं। घायल आरोपी का इलाज एमजीएम अस्पताल, डिमना में चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम गुरुद्वारा रोड पर राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी और जांच कर रही थी। इसी दौरान देर रात मुख्य आरोपी सब्बे सहित तीन आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पूछताछ के दौरान सब्बे ने पुलिस को बताया कि हत्या में उपयोग किया गया हथियार मानगो रोड़ नंबर 14 स्थित फॉरेस्ट पार्क में छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम उसे अपने साथ लेकर फॉरेस्ट पार्क पहुंची। वहां आरोपी ने पुलिस को दो पिस्टल बरामद कराया, लेकिन इसी दौरान उसने एक लोडेड पिस्टल निकालकर अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सब्बे के पैर में दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, डिमना में भर्ती कराया।
पुलिस ने दोनों पिस्टल तथा खोखा जब्त कर ली हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।