टुरियाबेरा की महिला की TMH में इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग
जमशेदपुर, 08 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिले के टुरियाबेरा गांव की 50 वर्षीय मेरी बंडारा का टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह मलेरिया और पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित थीं। तबीयत बिगड़ने पर पहले मर्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए TMH रेफर किया गया था।
जानकारी के अनुसार, मृतका के परिवार के अन्य सदस्य भी बीमारी से ग्रसित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इलाज का खर्च वहन करना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता अजित तिर्की ने मामले में पहल की। उनके हस्तक्षेप के बाद पश्चिम सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने TMH प्रबंधन से बातचीत की, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मानवीय आधार पर मरीज के इलाज का पूरा बिल माफ कर दिया। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान मेरी बंडारा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए टुरियाबेरा एवं आसपास के क्षेत्रों में मलेरिया और पीलिया जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं और प्रभावी रोकथाम के उपाय उपलब्ध होने से ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा।