जमीनी स्तर पर विकास को रफ्तार – कपाली नगर परिषद की 5 प्रमुख सड़क योजनाओं को मिली स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमीनी स्तर पर विकास को रफ्तार – कपाली नगर परिषद की 5 प्रमुख सड़क योजनाओं को मिली स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

चांडिल, 04 जुलाई : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए कपाली नगर परिषद क्षेत्र की पांच प्रमुख सड़क निर्माण योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इन योजनाओं का टेंडर भी जारी कर दिया गया है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन सड़कों के निर्माण से विभिन्न वार्डों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या का समाधान होगा।

स्वीकृत योजनाओं में वार्ड संख्या-14 में शकील के घर से हरि मंदिर होते हुए फैयाज के घर से रियाज सर के घर तक 1800 फीट पीसीसी सड़क, वार्ड संख्या-1 में कुमार के घर से अफरोज के घर होते हुए डेमडुबी मस्जिद तक 2200 फीट पीसीसी सड़क, वार्ड संख्या-16 के डांगोडीह क्षेत्र में सब्जी मार्केट से सामुदायिक भवन, मुकर्रम मस्जिद होते हुए बड़े नाले तक लगभग एक किलोमीटर ब्लैकटॉप सड़क, वार्ड संख्या-15 में रहमतनगर केला गोदाम से शहीद बगान तक 1500 फीट पीसीसी सड़क तथा वार्ड संख्या-13 में शौकत के घर से मेहबूब भाई के घर के आगे तक 1500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण शामिल है।

ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और कपाली नगर परिषद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने बताया कि सभी योजनाओं का टेंडर जारी हो चुका है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Share This Article