पटमदा में ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 125 लोगों का बना लर्नर लाइसेंस
पटमदा, 2 जुलाई : झारखंड सरकार एवं जिला परिवहन विभाग, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पटमदा प्रखंड कार्यालय परिसर में ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। जिलेभर में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पहले दिन 125 आवेदकों का लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनाया गया। शिविर में पात्र लाभुकों के बीच लर्नर लाइसेंस का वितरण भी किया गया।
विशेष शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं एवं आम नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। शिविर के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिलीप कुमार ने लोगों से बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने और नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस न केवल कानूनी आवश्यकता है, बल्कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
शिविर में मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सूरज हेम्ब्रम, पटमदा प्रमुख बालिका सोरेन, पटमदा थाना के इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, कार्यालय सहायक अमित कुमार सहित सात कंप्यूटर ऑपरेटर मौजूद रहे। सभी के सहयोग से शिविर का सफल संचालन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहिया वाहन के लर्नर लाइसेंस के लिए 250 रुपये, जबकि दोपहिया एवं चारपहिया दोनों श्रेणी के लर्नर लाइसेंस के लिए 520 रुपये शुल्क निर्धारित है। लर्नर लाइसेंस की वैधता छह माह होती है। इस अवधि के भीतर आवेदक 1065 रुपये शुल्क जमा कर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद जमशेदपुर के आम बागान मैदान स्थित परीक्षण केंद्र में ड्राइविंग टेस्ट उत्तीर्ण करने पर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने लोगों से इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने, समय पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।