हिमांशु हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल – जमशेदपुर को नए SSP, सरायकेला-खरसावां को मिले नए SP

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

हिमांशु हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल – जमशेदपुर को नए SSP, सरायकेला-खरसावां को मिले नए SP

रांची/जमशेदपुर, 01 जुलाई : करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां की कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच राज्य सरकार ने त्वरित प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दोनों जिलों में खाली पड़े पुलिस नेतृत्व के पदों पर नई नियुक्तियां कर दी गई हैं।

सरकार ने सीआईडी में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया है। वहीं जेप-3 के कमांडेंट मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।

इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री के आदेश पर जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया था। उल्लेखनीय है कि दोनों पति-पत्नी हैं।

दरअसल, गत शनिवार रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर में करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में प्रत्यूष सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज कोलकाता में चल रहा है। घटना के बाद राज्यभर में कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विपक्ष ने भी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

इसी घटनाक्रम के बीच सरकार ने पुलिस महकमे में त्वरित बदलाव करते हुए नए अधिकारियों की नियुक्ति कर स्पष्ट संकेत दिया है कि जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। अब सभी की निगाहें नए पुलिस नेतृत्व की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी रणनीति पर टिकी हैं।

Share This Article